अयोध्या में सरयू तट पर मनी छठ पूजा


अयोध्या। अयोध्या के सरयू तट पर आज व्रती महिलाओं ने अपने पतियों के साथ सायंकाल अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ दिया और पूजन कर आरती की। इस अवसर पर महिलाओं ने परंपरागत गीत गाए। श्रद्धालुओं ने गन्ना आदि सामग्री से पूजन कर हजारों दीपक जलाए, जिसके आलोक से जगमग स्नानघाट मनमोहक हो उठे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सरयू स्नान कर प्रमुख मंदिरों में दर्शन-पूजन भी किया। सर्वाधिक भीड़ सरयू तट स्थित गुप्तारघाट व नया घाट पर उमड़ी।अयोध्या में सूर्यास्त के ठीक पूर्व सरयूतट पर सूर्यषष्ठी समारोह धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर सात सफेद घोड़ों पर सवार भगवान सूर्य की मनोहारी झांकी सजाई गई, जिसका संत-महंतों सहित हजारों लोगों ने दर्शन किया। सूर्यास्त के समय एक हजार 51 बत्ती की आरती की गई।