किन्नर अखाड़े की प्रमुख व महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी लोकसभा चुनाव लड़ेंगी


प्रयागराज संसदीय सीट से किन्नर अखाड़े की प्रमुख व महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी लोकसभा चुनाव लड़ेंगी। यह पहली बार होगा जब किन्नर अखाड़े की ओर से कोई राजनीति में उतरेगा। हालांकि इससे पहले भी कई संत महात्मा चुनाव लड़े और जीते हैं। लेकिन किन्नर अखाड़े के अस्तित्व में आने और अब राजनीति में उतरने की पहल से नयी संभावनाएं भी बनने लगी हैं।


प्रयागराज के कुंभ मेले में सभी अखाड़ो से अधिक आकर्षण का केन्द्र बने रहे किन्नर अखाड़े ने अपनी लोकप्रियता को वोटों के रूप से भुनाने का बड़ा ऐलान किया है। खुद महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण ने कहा कि वह प्रयागराज संसदीय सीट से चुनाव लड़ेंगी और उन्हें कई बड़े दलों से टिकट दिये जाने की दिशा में बातचीत चल रही है। अगर टिकट को लेकर कोई असमंजस्य की स्थिति रही तो वह निर्दलीय ही चुनाव में मैदान में उतरेंगी।