जिनको देश के संविधान और न्यायालय पर विश्वास नहीं वही कर रहे हैं अनर्गल बयान बाजी : साध्वी निरंजन ज्योति


मथुरा। वृन्दाबन में केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि राम मंदिर मामले में सुप्रीम कोर्ट ने देश को साक्ष्य के आधार पर एक सुखद फैसला सुनाया है।  
जिसे देश के हिंदू और मुसलमान सहित सभी लोगों ने सहर्ष स्वीकार किया है। जिन लोगों का देश के संविधान, न्यायालय पर विश्वास नहीं है, वही लोग कोर्ट के फैसले को लेकर अनर्गल बयान दे रहे हैं।  
उन्होंने परिक्रमा मार्ग स्थित अखंड दया धाम आश्रम में पत्रकार वार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि राम जन्म भूमि आंदोलन में जिन महापुरुषों ने योगदान दिया है, उनका नाम व स्थान भी वहां होना चाहिए।
संत वामदेव महाराज संतों के शिरोमणि थे। उन्होंने संतों एवं रामभक्तों को एकजुट करके राम जन्म भूमि आंदोलन में अहम भूमिका निभाई थी। उनका स्थान राम जन्म भूमि मंदिर में होना चाहिए। धर्मसभा में पहुंची केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि राम मंदिर निर्माण पर जो देशहित में होगा, सरकार वही करेगी। इस धर्मसभा में आठ प्रस्ताव पास किए गए। जिसमें राम मंदिर निर्माण के लिए बनाए जाने वाले ट्रस्ट में वृंदावन के दो संतों को स्थान देने की मांग की गई।